सेवरही में शुरू हुआ महावीरी डोल मेला
कुशीनगर जिले के सेवरही कस्बे में मंगलवार रात से दो दिवसीय महावीरी अखाड़ा डोल मेला प्रारंभ हो गया। यह मेला तमकुहीरोड क्षेत्र में वर्ष 1945 से भाद्रपद माह की पंचमी और षष्ठी तिथि को आयोजित किया जाता है। मेले का समापन बुधवार दोपहर बाद संपन्न होगा।
सांस्कृतिक झांकियां और अखाड़ा प्रदर्शन
मेले के पहले दिन मंगलवार रात आठ अलग-अलग स्थानों से पारंपरिक जुलूस निकाले गए। जुलूस निकलने से पूर्व अखाड़ों में विधिवत शस्त्र पूजा की गई। इसके बाद श्रीराम भक्त हनुमान सहित विभिन्न देवी-देवताओं की जीवंत झांकियां निकाली गईं, जिन्हें देखने के लिए भारी भीड़ उमड़ी। कलाकारों की प्रस्तुतियों और खिलाड़ियों द्वारा दिखाए गए हैरतअंगेज खेल कौशल ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
मेले को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने पूरे कस्बे को दो जोन और चार सेक्टर में विभाजित किया था। सुरक्षा व्यवस्था का जिम्मा एडिशनल एसपी सिद्धार्थ वर्मा, एसडीएम कुणाल गौरव और सीओ जयंत कुमार यादव ने संभाला। प्रत्येक सेक्टर में इंस्पेक्टर, सब-इंस्पेक्टर और पुलिस बल की विशेष तैनाती की गई है। सेवरही एसएचओ मनोज कुमार वर्मा के अनुसार, मुख्य चौराहों और डोल मार्ग पर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं ताकि श्रद्धालु सुरक्षित रूप से उत्सव का आनंद ले सकें।