महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले के चिमूर तहसील से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक पूर्व भाजपा नेता ने अंधविश्वास, तांत्रिक शक्तियों के डर और हाई-टेक वॉइस चेंजर का सहारा लेकर एक विधवा महिला को प्रताड़ित किया। आरोपी महिला पर अपने ही पड़ोसी के साथ शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बना रहा था, लेकिन मृत पति की एक छोटी सी आदत ने इस पूरी साजिश की पोल खोल दी।
ऐसे रची गई साजिश
आरोपी दत्तू पिसे ने पीड़िता को निशाना बनाने के लिए एक जाल बुना। उसने खुद को ‘विद्या गोखले’ नाम की एक सरकारी अधिकारी और दैवीय शक्तियों की जानकार बताकर फोन करना शुरू किया। आरोपी वॉइस मॉड्यूलेशन ऐप का उपयोग कर आवाज बदलकर पीड़िता को डराता था। उसने चेतावनी दी कि यदि महिला अपने पड़ोसी के साथ संबंध नहीं बनाती है, तो उसे ‘दैवीय प्रकोप’ का सामना करना पड़ेगा।
पति का फोन बना गवाह
पीड़िता लगातार मिल रही धमकियों से दहशत में थी। उसने मामले की गहराई से जांच के लिए अपने दिवंगत पति का पुराना मोबाइल फोन खंगाला। संयोगवश, उनके पति के फोन में ‘ऑटो कॉल रिकॉर्डिंग’ फीचर ऑन था। जब महिला ने उन रिकॉर्डिंग्स को सुना, तो उसे आवाज में हेरफेर का अहसास हुआ। बातचीत करने का लहजा और शब्द बोलने का तरीका बिल्कुल उसके पड़ोसी दत्तू पिसे जैसा था।
पुलिस की कार्रवाई
सच्चाई सामने आने के बाद पीड़िता ने तुरंत चिमूर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस के अनुसार, आरोपी दत्तू पिसे पूर्व में भाजपा का तहसील उपाध्यक्ष रह चुका है, हालांकि बाद में उसे पार्टी से निकाल दिया गया था। फिलहाल वह कृषि उत्पादन बाजार समिति (APMC) में निदेशक है। पुलिस ने आरोपी पर धोखाधड़ी और मानसिक प्रताड़ना का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। आरोपी के फरार होने के बाद पुलिस ने संभावित ठिकानों पर छापेमारी तेज कर दी है।