पडरौना में राहुल ट्रेडर्स पर पुलिस की छापेमारी
कुशीनगर जिले के पडरौना स्थित जटहां रोड पर चल रही एक दुकान, ‘राहुल ट्रेडर्स’ पर पुलिस ने छापा मारकर नकली चावल का बड़ा जखीरा बरामद किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने दुकान से 25 बोरी नकली चावल और प्रतिष्ठित ब्रांड के नाम वाली खाली बोरियां जब्त की हैं। दुकान संचालक राजेश गुप्ता को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
ब्रांडेड पैकिंग का हो रहा था दुरुपयोग
मामले की शिकायत धन लक्ष्मी राइस मिल, नौतनवा (महराजगंज) के पार्टनर नितेश जायसवाल और कर्मचारी संजीव कुमार गौड़ ने पुलिस अधीक्षक (SP) से की थी। शिकायत के अनुसार, दुकानदार द्वारा ब्रांडेड बोरियों को काटकर उनके ट्रेडमार्क का अवैध इस्तेमाल किया जा रहा था। इन बोरियों में सामान्य चावल भरकर उन्हें असली ब्रांड के नाम पर बेचा जा रहा था।
कोतवाली पुलिस की अगली कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पडरौना कोतवाली पुलिस ने मामले की गहन जांच की, जिसके बाद दुकान पर छापेमारी की गई। पुलिस ने मौके से ट्रेडमार्क वाली खाली बोरियां और पैकिंग में इस्तेमाल होने वाला सामान भी बरामद किया है। फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि यह गोरखधंधा कब से चल रहा था और इसमें और कौन-कौन से लोग शामिल हैं।